फॉण्ट कनवर्टर NEW

सुपौल में ऑर्केस्ट्रा ठिकानों पर पुलिस का रेड: 10 नाबालिग लड़कियां मुक्त

सुपौल पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर ऑर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर छापेमारी की। 10 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराकर 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

अपनी भाषा में पढ़ें

Supaul: बिहार के सुपौल जिले में पुलिस ने नाबालिग बच्चों की सुरक्षा और मानव तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित ऑर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर पुलिस टीम ने 10 नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित मुक्त करा लिया। वहीं, इस अवैध धंधे और शोषण में संलिप्त 16 आरोपियों (जिनमें 9 महिलाएं भी शामिल हैं) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।

डीएसपी के नेतृत्व में बनी विशेष संयुक्त टीम

पुलिस अधीक्षक, सुपौल को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि जिले में कई ऑर्केस्ट्रा संचालक नाबालिग लड़कियों को बंधक बनाकर उनसे जबरन काम करवा रहे हैं। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विशेष अपराध-सह-साइबर) गौरव गुप्ता के नेतृत्व में एक संयुक्त स्पेशल टीम का गठन किया गया। इस टीम में मानव तस्करी रोधी इकाई (AHTU), विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) और महिला थाना की पुलिस टीमों को शामिल किया गया।

विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी, 10 बच्चियां रेस्क्यू

गठित विशेष टीम ने पूरी योजना के साथ जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संदिग्ध ऑर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर सघन छापामारी की। कार्रवाई के दौरान कमरों में रखी गईं 10 नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बाहर निकाला गया। इसके साथ ही मौके से ऑर्केस्ट्रा संचालन और इस नेटवर्क से जुड़े 16 अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस अब मुक्त कराई गई सभी बच्चियों की पारिवारिक पृष्ठभूमि का सत्यापन करा रही है, ताकि उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया जा सके या बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके।

महिला थाने में केस दर्ज, 16 आरोपी भेजे गए जेल

इस पूरे मामले में महिला थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों में छपरा निवासी जितेन्द्र कुमार, सुधांशु कुमार व इमाम अंसारी, सिवान के विवेक कुमार व विकाश कुमार, सुपौल के सोनू कुमार व राजेश मेहता उर्फ राजेश जी सहित 9 अन्य महिलाएं शामिल हैं। सभी 16 आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों के शोषण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram