रांची : राजधानी रांची में सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम लगातार अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने मेन रोड ओवरब्रिज के पास अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान Cobb Italy Showroom और Raj Medical Hall द्वारा सड़क चौड़ीकरण क्षेत्र में बनाई गई संरचनाओं को हटाया गया।
पहले ही दिया गया था अतिक्रमण हटाने का निर्देश
नगर निगम के अनुसार, दोनों प्रतिष्ठानों ने सड़क चौड़ीकरण के लिए चिह्नित क्षेत्र में निर्माण कर रखा था। इसे हटाने के लिए संबंधित लोगों को पहले ही निर्देश दिया गया था। साथ ही, जमीन की मापी कर अतिक्रमण वाले हिस्से को चिह्नित किया गया था।
इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध संरचनाओं को हटा दिया और जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।
अवैध अतिक्रमण पर जारी रहेगी कार्रवाई
रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि, गिफ्ट डीड की जमीन और सड़क चौड़ीकरण के लिए चिह्नित क्षेत्र में किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर निगम का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।




