Mumbai: मनोज तिवारी की बड़ी बेटी रीति तिवारी ने बिग बॉस हाउस से बाहर आने के बाद अपनी निजी जिंदगी और परिवार से जुड़े कई खुलासे किए हैं। हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान उन्होंने खुलकर बात करते हुए बताया कि उन्होंने ही अपने पिता को दूसरी शादी करने के लिए प्रेरित किया था।
रीति तिवारी ने की पिता मनोज तिवारी की दूसरी शादी की पहल
रीति ने बातचीत में बताया कि जब वह करीब 16-17 साल की थीं, तभी उन्हें इस बात का अहसास हो गया था कि उनके पिता की जिंदगी में कोई खास आ गया है, लेकिन वे इस बारे में उनसे खुलकर बात नहीं कर पा रहे थे। रीति का मानना है कि बच्चे नासमझ नहीं होते और वे अपनों की भावनाओं को आसानी से समझ लेते हैं।
जब उन्हें लगा कि उनके पिता खुद कभी इस विषय पर बात नहीं कर पाएंगे, तो उन्होंने खुद आगे बढ़कर यह पहल की। रीति ने अपने पिता को फोन करके कहा, “हैलो डैड, आप शादी कर लीजिए।” बेटी की इस समझदारी भरी और स्नेहिल बात ने मनोज तिवारी को काफी हौसला दिया और उन्होंने हामी भरते हुए कहा, “ठीक है बेटा, अगर तुमने बोला तो डन।”
मनोज तिवारी का पहला और दूसरा विवाह
यहां यह उल्लेखनीय है कि मनोज तिवारी ने साल 1999 में रानी तिवारी से शादी की थी, जिनसे उनकी बेटी रीति का जन्म हुआ। हालांकि, यह रिश्ता लंबा नहीं चल सका और आपसी सहमति के बाद वर्ष 2012 में उनका तलाक हो गया था। पहली पत्नी से अलग होने के कई वर्षों बाद, अप्रैल 2020 में मनोज तिवारी ने सुरभि तिवारी के साथ दूसरी शादी की। वर्तमान में मनोज और सुरभि दो प्यारी बेटियों के माता-पिता हैं और एक खुशहाल पारिवारिक जीवन जी रहे हैं।




