फॉण्ट कनवर्टर NEW

‘रील नहीं, रियल लाइफ में आगे बढ़ें’, युवाओं से CM योगी की अपील

लखनऊ में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आत्मकथा ‘भारतीय गणतंत्र की विजयगाथा: मेरा जीवन, मेरा संघर्ष’ के हिंदी संस्करण का विमोचन किया गया।

अपनी भाषा में पढ़ें

Lucknow: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को सोशल मीडिया की आभासी दुनिया से निकलकर पुस्तकों से जुड़ने की महत्वपूर्ण सीख दी है। उन्होंने कहा कि आज लोग स्मार्टफोन और सोशल मीडिया पर 5 से 7 घंटे बिता रहे हैं, यदि इसमें से 1-2 घंटे भी अच्छी पुस्तकें पढ़ने में लगाए जाएं तो जीवन को एक नई दिशा मिल सकती है। सोशल मीडिया पर रील बनाकर लाइक्स जुटाने के बजाय अपनी रियल लाइफ में आगे बढ़ना अधिक उपयोगी है।

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आत्मकथा का विमोचन

सीएम योगी ने बुधवार को लोकभवन सभागार में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आत्मकथा ‘भारतीय गणतंत्र की विजयगाथा: मेरा जीवन, मेरा संघर्ष’ के हिंदी संस्करण के विमोचन समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसे भारतीय की जीवनगाथा है, जिसने अभावों को कभी अपनी ढाल नहीं बनाया, बल्कि संघर्ष, परिश्रम और पुरुषार्थ के बल पर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त किया। यह आत्मकथा नई पीढ़ी के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत बनेगी।

गांवों और विद्यालयों में पुस्तकालयों का विस्तार

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में पुस्तकालय की व्यवस्था की जा रही है। उत्तर प्रदेश में 57,600 ग्राम सचिवालय बन चुके हैं, जिनमें एक कक्ष पुस्तकालय के लिए निर्धारित किया गया है जहां गांव के बच्चे अध्ययन कर रहे हैं। इसके साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी भी तेजी से विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति की यह आत्मकथा व्यापक स्तर पर पुस्तकालयों तक पहुंचनी चाहिए और सरकार इस दिशा में पूरा प्रयास करेगी।

कानपुर के परौंख गांव से सर्वोच्च पद तक का सफर

सीएम ने कानपुर के परौंख गांव में जन्मे रामनाथ कोविंद के जीवन संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने बचपन में ही मां को खो दिया था, लेकिन गांव के विद्यालय से पढ़ाई शुरू कर उच्च शिक्षा प्राप्त की और अधिवक्ता के रूप में गरीबों तथा वंचितों की आवाज बने। सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंचने के बाद भी उनका अपनी जन्मभूमि परौंख से गहरा लगाव बना रहा है।

इस गरिमामयी समारोह में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और रूपा पब्लिकेशंस के प्रबंध निदेशक कपिश मेहरा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने पूर्व राष्ट्रपति के जीवन को लोकतांत्रिक मूल्यों, सादगी और पारदर्शिता की एक अनूठी मिसाल बताया।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram