Patna: पटना स्थित एएन कॉलेज के बीए (भूगोल) के 20 विद्यार्थियों के लिए आपदा प्रबंधन विभाग में 10 दिवसीय इंटर्नशिप कार्यक्रम के दूसरे सत्र की शुरुआत की गई है। आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा विद्यार्थियों को जमीनी स्तर पर आपदाओं से निपटने और प्रशासनिक तैयारियों की बारीकियों से अवगत कराना है।
विभागीय कार्यप्रणाली और आपदा जोखिम न्यूनीकरण का प्रशिक्षण
इस इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन की अवधारणा, आपदा जोखिम न्यूनीकरण (Disaster Risk Reduction), आपदा पूर्व तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया, राहत एवं बचाव कार्य, पुनर्वास और इससे जुड़ी पूरी विभागीय कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही, विभाग द्वारा विभिन्न प्रकार की आपदाओं के प्रभावी प्रबंधन के लिए अपनाई जा रही आधुनिक व्यवस्थाओं से भी छात्रों को रूबरू कराया जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने साझा किए अनुभव
इंटर्नशिप कार्यक्रम के दूसरे सत्र के शुभारंभ अवसर पर विभाग के अपर सचिव मो. नदीमुल गफ्फार सिद्दीकी, उप सचिव अमन प्रीत सिंह, उप सचिव पंकज कुमार कमल और डिजास्टर मैनेजमेंट एक्सपर्ट कोमल प्रिया सिंह ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। अधिकारियों ने छात्रों को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं, फील्ड वर्क की चुनौतियों और सरकारी तंत्र की कार्यप्रणाली की बारीकियों से अवगत कराया, जिससे विद्यार्थियों को अकादमिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सके।





