चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कुदापी डाउन के पास एक कार और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
छत्तीसगढ़ से टाटानगर जा रही थी कार
मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे और छत्तीसगढ़ से टाटानगर जा रहे थे। इसी दौरान कुदापी डाउन के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर से कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही हाटगम्हरिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। दोनों घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



