लातेहार: जिले में एक आदिवासी महिला के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में एसपी कुमार गौरव ने कार्रवाई की है। उन्होंने बारियातू थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास और सिपाही मनीष राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई है। मामले की जांच के लिए बालूमाथ एसडीपीओ और महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक कमेटी बनाई गई है।
मुख्यमंत्री ने दिए थे जांच के आदेश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस मामले पर संज्ञान लिया था। उन्होंने लातेहार पुलिस को मामले की तत्काल जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा था कि ऐसी घटनाएं किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जा सकतीं।
पुलिसकर्मियों पर मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप
सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, महिला बकरी चरा रही थीं। इसी दौरान बारियातू थाना प्रभारी और तीन अन्य पुलिसकर्मी कथित तौर पर सादे कपड़ों में वहां पहुंचे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने महिला के साथ मारपीट की और उन्हें थाने ले गए।
पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि रास्ते में और थाने में महिला के साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई। साथ ही, जातिसूचक गालियां देने का भी आरोप लगाया गया है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



