Patna/Tezpur: बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) ने अपने लोकप्रिय डेयरी ब्रांड ‘सुधा’ की पहुंच पूर्वोत्तर भारत में और अधिक मजबूत कर दी है। असम के तेजपुर (सोनितपुर) के जमुगुड़ीहाट स्थित शांतिपुर में कन्यका डेयरी परिसर के भीतर स्थापित 20,000 लीटर प्रतिदिन की उत्पादन क्षमता वाले नए दूध प्रसंस्करण संयंत्र का भव्य उद्घाटन असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर कॉम्फेड के चेयरमैन-सह-प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
Read more: बिहार में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की तैयारी, ‘सुधा’ को वैश्विक ब्रांड बनाएगी सरकार
पूर्वोत्तर में लगातार बढ़ रहा सुधा का दायरा
कॉम्फेड ने नवंबर 2018 में गुवाहाटी के अमीनगांव स्थित एक थर्ड-पार्टी डेयरी संयंत्र के माध्यम से असम में सुधा पैकेट दूध और दुग्ध उत्पादों के विपणन की शुरुआत की थी। धीरे-धीरे इस कार्य का विस्तार असम के अन्य हिस्सों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों मेघालय और अरुणाचल प्रदेश तक किया गया।
वर्तमान में कॉम्फेड की गुवाहाटी इकाई लगभग 2,200 खुदरा विक्रेताओं के मजबूत नेटवर्क के माध्यम से सुधा के विभिन्न उत्पादों की बिक्री कर रही है। इन उत्पादों में पैकेट दूध, दही, पनीर, मट्ठा, पेड़ा और मिल्क केक प्रमुख रूप से शामिल हैं। गुवाहाटी इकाई प्रतिदिन औसतन करीब 50,500 लीटर दूध की बिक्री कर रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान इस इकाई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 121.17 करोड़ रुपये का कारोबार किया और 8.06 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया।
असम में अपनी खुद की बड़ी डेयरी यूनिट की तैयारी
तेजपुर में नए संयंत्र के शुरू होने से न केवल तेजपुर और आसपास के क्षेत्रों में सुधा उत्पादों की आपूर्ति तेज होगी, बल्कि क्षेत्रीय वितरण नेटवर्क को भी अभूतपूर्व विस्तार मिलेगा। बढ़ती मांग को देखते हुए कॉम्फेड ने असम में अपना खुद का एक लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाला डेयरी प्रसंस्करण यूनिट स्थापित करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाया है।
इस प्रस्तावित यूनिट के लिए असम सरकार से उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। असम इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (AIDC) द्वारा संभावित स्थलों की पहचान कर कॉम्फेड के अधिकारियों को निरीक्षण के लिए दिखाए जा चुके हैं। पूर्वोत्तर के राज्यों में सुधा उत्पादों की लगातार बढ़ती लोकप्रियता से ग्रामीण स्तर पर दुग्ध सहकारी संघों की दुग्ध खरीद को और स्थायित्व मिलेगा तथा आने वाले दिनों में मूल्यवर्धित (Value-added) उत्पादों के लिए नई संभावनाएं पैदा होंगी।





