रांची: झारखंड में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की सितंबर महीने की किस्त अब लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में पहुंचने लगी है। कोडरमा, लातेहार और गढ़वा के बाद अब पलामू, पश्चिमी सिंहभूम और रांची में भी महिलाओं के खाते में ₹2500 की राशि भेजी जा रही है।
त्योहार से पहले सितंबर महीने की किस्त मिलने से लाभुक महिलाओं को राहत मिली है। पश्चिमी सिंहभूम में 1 लाख 72 हजार 763 महिलाओं के खातों में किस्त की राशि पहुंच चुकी है। वहीं रांची में भी लाभुक महिलाओं के खाते में पैसा आना शुरू हो गया है।
DBT के जरिए भेजी जा रही राशि
सितंबर महीने की किस्त की राशि लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में DBT यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से भेजी जा रही है। दुर्गा पूजा और दशहरे से पहले राशि मिलने से महिलाएं इसका इस्तेमाल अपनी जरूरतों और खरीदारी के लिए कर सकती हैं।
राज्य के अन्य जिलों में भी किस्त का भुगतान धीरे-धीरे किया जा रहा है।
इन कारणों से अटक सकता है भुगतान
कागजात में किसी तरह की गलती होने पर कुछ लाभुकों का भुगतान अटक सकता है। ऐसे में महिलाओं को अपने बैंक खाते की स्थिति, आधार सीडिंग और E-KYC की जानकारी जांचने की सलाह दी गई है।
बैंक खाते में तकनीकी समस्या या आधार लिंक नहीं होने की स्थिति में भी भुगतान प्रभावित हो सकता है। इसलिए लाभुकों को बैंक खाते और योजना से जुड़े दस्तावेज अपडेट रखने की सलाह दी गई है।



