धनबाद : कतरास थाना क्षेत्र की तिलाटांड़ कॉलोनी में मंगलवार देर रात बंद क्वार्टर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। क्वार्टर नंबर 325 से आग की लपटें निकलती देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग को भी जानकारी दी गई।
क्वार्टर बंद होने के कारण लोगों ने किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर लगी आग बुझाने की कोशिश की। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक घर में रखा ज्यादातर सामान जलकर राख हो चुका था। इसके बाद दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंची।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
बताया गया कि क्वार्टर डिनोबिली स्कूल की गेम्स शिक्षिका प्रीति कुमारी का है। घटना के समय वह अपने पति के साथ बाहर गई हुई थीं। स्थानीय लोगों ने बिजली के शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया है। हालांकि आग के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
लोगों के अनुसार, अगर समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के दूसरे क्वार्टर भी इसकी चपेट में आ सकते थे। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया।
फायर स्टेशन बनाने की मांग
घटना के बाद कतरास और बाघमारा क्षेत्र के लोगों ने स्थायी फायर स्टेशन बनाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में आग लगने की घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन दमकल वाहन को दूर से पहुंचने में काफी समय लग जाता है।
लोगों ने कहा कि दुर्गा पूजा को देखते हुए कई जगह पंडाल और मेले लगाए जाएंगे। ऐसे में प्रशासन को पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में दमकल वाहनों की तैनाती करनी चाहिए, ताकि आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके।



