धनबाद : धनबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने दून एक्सप्रेस से 49 जीवित कछुए बरामद किए हैं। मंगलवार को हुई इस कार्रवाई के बाद सभी कछुओं को वन विभाग को सौंप दिया गया।
बताया गया कि आरपीएफ और सीआईबी की टीम स्टेशन पर नियमित जांच और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि योग नगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस से कछुओं को ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलने के बाद ट्रेन के धनबाद पहुंचते ही टीम ने सामान्य कोच की जांच शुरू की। इस दौरान सीट के नीचे दो बैग और एक झोला मिला। सामान के आसपास बैठे यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बैग और झोले को अपना नहीं बताया।
इसके बाद यात्रियों की मौजूदगी में सामान की तलाशी ली गई। बैग और झोले के अंदर से 49 जिंदा इंडियन फ्लैपशेल कछुए मिले। टीम ने सभी कछुओं को जब्त कर लिया।
आरपीएफ के अनुसार, कछुओं को सुरक्षित रखने के बाद जरूरी कार्रवाई पूरी की गई और देर शाम उन्हें वन विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया। कछुओं को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित वन्यजीव माना जाता है।



