फॉण्ट कनवर्टर NEW

मेन रोड हनुमान मंदिर परिसर से हटाई गईं अवैध दुकानें, फ्री पार्किंग का एलान

श्रद्धालुओं की सुविधा और जाम से राहत के लिए चला बुलडोजर, रांची मेन रोड हनुमान मंदिर परिसर में निगम का एक्शन

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi: राजधानी के सबसे व्यस्त इलाके मेन रोड पर नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। मेन रोड स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर परिसर और इसके आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सहूलियत, धार्मिक स्थल की गरिमा और शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए निगम की टीम ने व्यापक अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत मंदिर परिसर में अवैध रूप से चल रही 12 दुकानों का संचालन पूरी तरह बंद करा दिया गया।

चेतावनी के बाद भी नहीं हटी थीं दुकानें

अधिकारियों के अनुसार, पूर्व में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में हनुमान मंदिर समिति के पदाधिकारियों और प्रबुद्ध समाजसेवियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। बैठक में आम नागरिकों से मिले सुझावों और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई थी। इसके बाद स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियों के अलावा परिसर में चल रही सभी व्यावसायिक गतिविधियों को 48 घंटे के भीतर दुकानदार खुद बंद कर लें। तय समयसीमा बीत जाने के बाद जब निगम की टीम ने निरीक्षण किया, तो पाया कि आदेश की अनदेखी कर दुकानें जस की तस संचालित हो रही हैं। इसके बाद निगम की टीम ने मौके पर लाउडस्पीकर से एनाउंसमेंट कराया और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी 12 दुकानों को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया।

सड़कों पर अवैध कब्जा हटाने के लिए चला अभियान

मंदिर परिसर के अलावा निगम की इनफोर्समेंट टीम ने आसपास के प्रमुख व्यापारिक इलाकों में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। टीम ने डेली मार्केट क्षेत्र, एसएन गांगुली मार्ग, विष्णु गली और अन्य कनेक्टिंग सड़कों पर पैदल यात्रियों और वाहनों के आवागमन में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान सड़कों पर अवैध रूप से लगाए गए पांच ठेले और दो गुमटियों को जब्त कर लिया गया।

श्रद्धालुओं के लिए डेली मार्केट टैक्सी स्टैंड में फ्री पार्किंग

मंदिर के मुख्य द्वार के सामने वाहनों की बेतरतीब और अनियंत्रित पार्किंग के कारण अक्सर मेन रोड पर लंबा जाम लग जाता था। इसे देखते हुए निगम ने मंदिर के सामने किसी भी प्रकार के वाहन खड़े करने पर रोक लगा दी है। साथ ही दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगम की बाजार शाखा ने डेली मार्केट के पास स्थित टैक्सी स्टैंड में निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था शुरू की है, जिसके लिए आवश्यक सीमांकन भी पूरा कर लिया गया है।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस पूरी कार्रवाई का मकसद किसी की आस्था या धार्मिक गतिविधियों को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि मंदिर परिसर की गरिमा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहरवासियों को निर्बाध व जाममुक्त सड़क उपलब्ध कराना है। निगम ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस तरह का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram