रांची: चुनाव आयोग के खिलाफ मंगलवार को इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रांची में प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता झंडे लेकर चुनाव आयोग कार्यालय पहुंचे और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता “ज्ञानेश कुमार हटाओ” और “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” के नारे लगाते रहे। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की।
बैरिकेडिंग के पास जुटे कार्यकर्ता
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी। कार्यालय के मुख्य गेट के सामने बैरिकेडिंग कर दी गई, ताकि प्रदर्शनकारी अंदर न जा सकें।
कार्यकर्ता बैरिकेडिंग के पास ही जमा रहे और उसे पार करने की कोशिश करते रहे। पुलिसकर्मी लगातार मौके पर तैनात रहे और बैरिकेडिंग को सुरक्षित रखने में जुटे रहे।
यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए यहां पहुंचे हैं। प्रदर्शन के दौरान कार्यालय के बाहर काफी देर तक नारेबाजी होती रही।



