पश्चिमी सिंहभूम: किरीबुरू थाना परिसर से फरार हुआ चोरी का आरोपी अफताब खान उर्फ टेंगर को पुलिस ने 72 घंटे के अंदर दोबारा गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हथकड़ी में बंधे रस्से का कटा हुआ हिस्सा और करीब ढाई फीट लंबा लोहे का सब्बल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, अफताब खान को 29 सितंबर को चोरी के मामलों में पूछताछ के लिए थाना लाया गया था। उसके हाथ में हथकड़ी लगाने के साथ रस्सी भी बांधी गई थी। इसके बावजूद वह पुलिस को चकमा देकर थाना परिसर से फरार हो गया।
घटना के बाद चाईबासा एसपी के निर्देश पर किरीबुरू एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की और 72 घंटे के भीतर उसे फिर से पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर कटा हुआ रस्सा और लोहे का सब्बल बरामद किया गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि सब्बल का इस्तेमाल चोरी की अन्य घटनाओं में हुआ था या नहीं। साथ ही आरोपी के संभावित साथियों और क्षेत्र में हुई दूसरी चोरियों में उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि अफताब खान का नाम सेल अधिकारी राहुल यादव के आवास में हुई चोरी के मामले में भी सामने आया था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।




