Patna: सारण जिले के बाढ़ प्रभावित और दुर्गम इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए भारतीय वायु सेना के हेलिकॉप्टरों से 28 टन से अधिक खाद्य सामग्री एयर ड्रॉप की गई है। अब तक 15 उड़ानों के जरिए 5,600 से ज्यादा ड्राई राशन पैकेट प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाए गए हैं। सड़क मार्ग से राहत पहुंचाना मुश्किल होने के कारण यह व्यवस्था की गई है।
सड़क से मुश्किल तो हेलिकॉप्टर से पहुंची मदद
बाढ़ के कारण कई इलाकों में जलजमाव और आवागमन बाधित है। ऐसे में प्रभावित परिवारों तक जरूरी खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग ने गृह मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के साथ समन्वय कर एयर ड्रॉपिंग की व्यवस्था की। इसका इस्तेमाल उन क्षेत्रों में किया जा रहा है, जहां सड़क के रास्ते राहत पहुंचाना कठिन है।
अब तक भारतीय वायु सेना के हेलिकॉप्टर 15 उड़ानें भर चुके हैं। इन उड़ानों के जरिए 5,600 से अधिक ड्राई राशन पैकेट एयर ड्रॉप किए गए हैं। कुल सामग्री का वजन 28 टन से अधिक बताया गया है।
बाढ़ वाले इलाकों पर प्रशासन की नजर
आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। जरूरत के मुताबिक सड़क मार्ग के साथ दूसरे माध्यमों से भी राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य बाढ़ प्रभावित परिवारों तक जल्द से जल्द जरूरी खाद्य सामग्री पहुंचाना है।
इस अभियान में भारतीय वायु सेना के पायलट और कर्मी भी जुटे हैं। एयर ड्रॉपिंग अभियान का संचालन ग्रुप कैप्टन अनुज गुप्ता और विंग कमांडर विशाल खत्री के नेतृत्व में किया जा रहा है। इनके साथ स्क्वाड्रन लीडर रोहित दादरवाल, फ्लाइट लेफ्टिनेंट कुणाल कलमकर और फ्लाइट लेफ्टिनेंट राठौड़ भरत सिंह भी अभियान में शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने केंद्र को दिया धन्यवाद
मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने में सहयोग के लिए गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और भारतीय वायु सेना का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव का काम चल रहा है।





