Patna: भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। इस जीत के साथ भारत ने 44 साल बाद एशियन गेम्स में महिला हॉकी का गोल्ड अपने नाम किया। टीम की इस उपलब्धि पर ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री, जदयू विधायक दल के नेता और बिहार हॉकी संघ के अध्यक्ष श्रवण कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
44 साल बाद भारत को हॉकी में गोल्ड
श्रवण कुमार ने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम की यह जीत देश के गौरवशाली खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ती है। उन्होंने कहा कि स्वर्ण पदक खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और टीम भावना का नतीजा है।
उन्होंने पूरे बिहार की ओर से भारतीय महिला हॉकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि टीम ने देश का मान बढ़ाया है। उनके मुताबिक, इस जीत से देश की युवा खिलाड़ियों, खासकर बेटियों को अपने खेल के सपने आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलेगी।
चीन को 1-0 से हराकर बनी चैंपियन
फाइनल मुकाबले में भारत की ओर से लालरेम्सियामी ने गोल किया। इसके बाद गोलकीपर सविता पूनिया ने शानदार बचाव करते हुए चीन को बराबरी का मौका नहीं दिया। भारत ने 1-0 की बढ़त बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस जीत के बाद बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रन शंकरण और सचिव राणा प्रताप सिंह समेत बिहार हॉकी संघ के पदाधिकारियों और खेल परिवार ने भारतीय टीम को बधाई दी।
खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को बधाई
बिहार हॉकी संघ की ओर से टीम की कप्तान, खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ को भी इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी गईं। महिला हॉकी टीम की यह जीत भारतीय खेलों के लिए बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने आई है।





