जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने शनिवार को मानगो थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की पुलिसिंग व्यवस्था, लंबित मामलों और पुलिस पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा की।
एसएसपी ने लंबित कांडों, थाना अभिलेखों और बीट पुलिसिंग व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने थाना परिसर, हाजत और सिरिस्ता का भी निरीक्षण किया। साफ-सफाई और रख-रखाव में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
दुर्गापूजा को देखते हुए एसएसपी ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने अड्डेबाजी के खिलाफ लगातार अभियान चलाने और असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने पर जोर दिया।
एसएसपी ने थाना पहुंचने वाले आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनने को कहा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को लोगों के साथ मित्रवत व्यवहार करने और उनकी समस्याओं का नियमानुसार समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।




