भागलपुर : जिले में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से तटीय इलाकों में परेशानी बढ़ गई है। पिछले तीन दिनों से जलस्तर बढ़ने के कारण नवगछिया की ओर जाने वाली एप्रोच रोड पर तेजी से कटाव हो रहा है। इससे दोपहिया वाहनों के आवागमन में परेशानी के साथ हादसे का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने तीन प्रमुख घाटों पर अगले दो दिनों तक बाइक से फेरी सेवा बंद कर दी है। बियादा घाट, बाबूपुर घाट/डीपीएस घाट और नवगछिया के जानकी चौक घाट से चलने वाली फेरी सेवा में मोटरसाइकिलों की लोडिंग पर रोक रहेगी।
हालांकि, पैदल यात्रियों के लिए फेरी सेवा पहले की तरह जारी रहेगी। यात्रियों को सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।
एप्रोच रोड के कटाव को रोकने के लिए फ्लड कंट्रोल और जल संसाधन विभाग की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। जिला प्रशासन के अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं।
प्रशासन ने बाइक सवारों से अपील की है कि वे अगले दो दिनों तक अपने वाहनों के साथ इन घाटों पर न आएं। लोगों से मौजूदा स्थिति और प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की अपील की गई है।




