जमशेदपुर: गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में 24 सितंबर को हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में पुलिस ने फरार आरोपितों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने तीन फरार आरोपितों की नई तस्वीरें जारी करते हुए उनकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर प्रत्येक आरोपित के लिए 2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। तीनों पर कुल 6 लाख रुपये का इनाम है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को हथियारबंद अपराधियों ने बैंक में घुसकर कर्मचारियों को बंधक बना लिया था। इसके बाद अपराधी करीब 23 किलो सोना और 43 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। पुलिस के मुताबिक, लूटे गए सोने की अनुमानित कीमत करीब 33 करोड़ रुपये है।
बिहार और बंगाल से जुड़े हैं आरोपित
जांच के दौरान पुलिस को वारदात में बिहार के पटना और समस्तीपुर तथा पश्चिम बंगाल के रानीगंज से जुड़े अपराधियों के शामिल होने की जानकारी मिली है। फरार आरोपितों की पहचान समस्तीपुर के चैता निवासी प्रियदर्शी उर्फ दर्शन कुमार, पटना के गोसाईं गांव निवासी अक्षय कुमार उर्फ साका और पश्चिम बंगाल के रानीगंज निवासी अमन सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस की टीमें बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपित लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं। उनकी तस्वीरें जारी कर आम लोगों से पहचान और ठिकाने से जुड़ी जानकारी मांगी गई है।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से जांच
डकैती की जांच में पुलिस सीसीटीवी फुटेज के साथ तकनीकी साक्ष्यों की भी मदद ले रही है। आरोपितों के संपर्क, आवाजाही और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में शामिल अन्य फरार अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी जांच जारी है।
गोलमुरी थाना में इस मामले में कांड संख्या 103/26 दर्ज है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आरोपितों के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखने की बात पुलिस ने कही है।




