रांची: झारखंड में 5 अक्टूबर से एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 3 और 4 अक्टूबर को राज्य में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। इसके बाद 5 अक्टूबर से कई जिलों में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, अगले पांच दिनों में तापमान में ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
5 अक्टूबर को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश की भी संभावना है।
6 अक्टूबर को कई जिलों में बारिश
6 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश के आसार हैं। रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में भी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी कुछ जगहों पर बारिश की संभावना है। पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
7 अक्टूबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। 8 अक्टूबर को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में बारिश के आसार हैं।
रांची में 6 और 7 अक्टूबर को बारिश
राजधानी रांची में 3 और 4 अक्टूबर को मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। 3 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 4 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
5 अक्टूबर को रांची में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इस दिन अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 6 और 7 अक्टूबर को गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मॉनसून की वापसी के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड से मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां धीरे-धीरे अनुकूल हो रही हैं। हालांकि, अगले कुछ दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। 3 से 8 अक्टूबर तक राज्य के किसी भी हिस्से के लिए मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।




