रांची: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के प्रमुख स्कूल खेल आयोजन ‘खेलो झारखंड’ का राज्य स्तरीय चरण शनिवार से शुरू होगा। प्रतियोगिता की शुरुआत हॉकी और एथलेटिक्स से होगी। खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स ग्राउंड में दोपहर 3 बजे राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे।
राज्य के सभी 24 जिलों से अंडर-17 बालक और बालिका एथलेटिक्स खिलाड़ियों के साथ अंडर-17 बालक और बालिका हॉकी टीमें रांची पहुंच चुकी हैं। शुक्रवार को खिलाड़ियों के दस्तावेजों की जांच, तकनीकी सत्यापन और पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
24 जिलों की टीमें लेंगी हिस्सा
प्रतियोगिता में झारखंड के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। सभी खिलाड़ी अपने-अपने जिले की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। शनिवार से हॉकी और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के साथ राज्य स्तरीय खेल शुरू होंगे।
582 खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स चयन में लिया हिस्सा
2 अक्टूबर को खेलगांव के प्रैक्टिस मैदान में एथलेटिक्स के लिए खुली चयन प्रक्रिया हुई। इसमें कुल 582 बालक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
चयन प्रक्रिया में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी शामिल हुए। इनमें अंडर-14 के 84, अंडर-17 के 298 और अंडर-19 के 200 खिलाड़ी थे। खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई।



