रांची: गांधी जयंती के मौके पर रांची नगर निगम ने नागरिकों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं देने की दिशा में नई पहल शुरू की है। शुक्रवार को महापौर रोशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार ने निगम क्षेत्र में पांच नए अंचल कार्यालयों का उद्घाटन किया।
इन कार्यालयों के शुरू होने से लोगों को छोटी-छोटी नगर निगम सेवाओं और शिकायतों के लिए मुख्यालय जाने की जरूरत कम होगी। संबंधित क्षेत्र के लोगों को अपने नजदीक ही निगम की सेवाएं और सहायता मिल सकेगी। इससे समय और आने-जाने के खर्च की भी बचत होगी।
इन जगहों पर खुले नए कार्यालय
रांची नगर निगम ने पांच नए अंचल कार्यालय इन स्थानों पर शुरू किए हैं:
बड़ा तालाब: वार्ड 21 का सामुदायिक भवन
पंडरा: वार्ड 32 का पंचायत कार्यालय
बांधगाड़ी: वार्ड 6 का सामुदायिक भवन
धुर्वा: वार्ड 40 का सामुदायिक भवन, सेक्टर-3 बाजार, एचईसी
तुपुदाना: वार्ड 53
इन अंचल कार्यालयों से संबंधित क्षेत्रों में सफाई, स्ट्रीट लाइट, पानी की व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं की निगरानी की जाएगी। स्थानीय समस्याओं के जल्द समाधान पर भी जोर दिया जाएगा।
लोगों के करीब पहुंचेंगी निगम की सेवाएं
महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि निगम की सेवाओं को लोगों के करीब पहुंचाना जरूरी है। नए कार्यालयों से नागरिकों के समय और मेहनत की बचत होगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह होकर काम करने की अपील की।
उप महापौर नीरज कुमार ने कहा कि रांची नगर निगम क्षेत्र और आबादी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में निगम की सेवाओं का विकेंद्रीकरण जरूरी है। नए अंचल कार्यालयों को स्थानीय सेवा केंद्र के रूप में काम करना चाहिए, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान जल्दी हो सके।
फीडबैक के आधार पर होगा सुधार
नगर आयुक्त ने कहा कि इन कार्यालयों का मुख्य उद्देश्य निगम की सेवाओं को स्थानीय स्तर तक पहुंचाना है। नागरिकों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर कार्यालयों में जरूरी सुधार किए जाएंगे। भविष्य में जरूरत के अनुसार और अंचल कार्यालय खोलने पर भी विचार किया जाएगा।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षदों के अलावा अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, कार्यपालक अभियंता, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक और निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।




