फॉण्ट कनवर्टर NEW

बोकारो: पानी लेने उतरे, ट्रेन चल पड़ी… चढ़ने की कोशिश में गई जान

बोकारो स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर चेरलपल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन में चढ़ने के दौरान 63 वर्षीय सुरेश कुमार भोलवानी ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

अपनी भाषा में पढ़ें

Bokaro: बोकारो रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर शुक्रवार सुबह करीब 9:17 बजे चेरलपल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन में चढ़ने के दौरान 63 वर्षीय सुरेश कुमार भोलवानी ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गए। उनका पैर और शरीर का कुछ हिस्सा फंस गया। ट्रेन रुकने के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन रेलवे डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

बोकारो स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते हादसा

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, ट्रेन खुलने के दौरान प्लेटफॉर्म पर तैनात लेडी कॉन्स्टेबल एम. जिना पात्र की नजर सुरेश कुमार पर पड़ी। उन्होंने तुरंत यात्री को बचाने के लिए दौड़ लगाई और ट्रेन रुकवाने की कोशिश की। लेकिन तब तक हादसा हो चुका था। ट्रेन रुकने के बाद यात्रियों और रेलवे कर्मियों की मदद से उन्हें ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच से बाहर निकाला गया।

गया जा रहे थे पिंडदान के लिए

मृतक की पहचान महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में सिंधु भवन, सिविल लाइन के पास काली मंदिर क्षेत्र निवासी सुरेश कुमार भोलवानी के रूप में हुई है। उनके भांजे अनिल कुमार कुलवादवा ने बताया कि सुरेश कुमार अपने परिजनों के साथ पितृपक्ष में गया में पिंडदान और श्राद्ध कर्म के लिए जा रहे थे।

बोकारो स्टेशन पर उन्होंने पानी की बोतल ली थी। इसके बाद ट्रेन चल पड़ी और वे उसमें चढ़ने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान उनका पैर फिसला और वे ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिर गए।

जीआरपी ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना के बाद जीआरपी प्रभारी अमरेंद्र कोटवार और स्टेशन प्रबंधक एस.के. नायक मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटना को आकस्मिक बताया। जीआरपी ने आवश्यक कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram