Ranchi: सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ रांची जिला प्रशासन ने अपना रुख बेहद सख्त कर लिया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर परिवहन विभाग की टीम ने सोमवार को शहर के प्रमुख स्कूलों के बाहर और राष्ट्रीय राजमार्ग पर व्यापक जांच अभियान चलाया।
जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) अखिलेश कुमार की अगुवाई में टीम ने डीपीएस और केराली स्कूल समेत कई प्रतिष्ठित विद्यालयों के आसपास औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के फर्राटा भर रहे 30 नाबालिगों को पकड़कर कड़ी चेतावनी दी गई, वहीं नियमों का उल्लंघन करने पर 5 वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। अधिकारियों ने बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों से भी अपील की कि वे कम उम्र में बच्चों को गाड़ियां न सौंपें, क्योंकि यह कानूनन अपराध होने के साथ जानलेवा भी साबित हो सकता है।
जांच के दौरान स्कूली वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को ठूंस-ठूंसकर बिठाने के गंभीर मामले भी सामने आए। पांच सीट वाली वैन में 12 से 14 बच्चों को ढोया जा रहा था। प्रशासन ने चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए निर्धारित सीमा से अधिक बच्चे न बैठाने का निर्देश दिया।
इसके अलावा, बुण्डू टोल प्लाजा के पास एनएच पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अभियान में एमवीआई बिमल किशोर, सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार और ट्रैफिक पुलिस टीम शामिल रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी और यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




