Ranchi: राजधानी में सरकारी जमीनों को अतिक्रमणकारियों के चंगुल से मुक्त कराने और उन्हें आम जनता के हित में उपयोग में लाने के लिए ‘रांची नगर निगम’ ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में 28 सितंबर 2026 को नगर निगम की टीम ने उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार की अगवाई में कांटाटोली स्थित वार्ड नंबर 11 के कुरैशी मोहल्ला में अतिक्रमणमुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, कुरैशी मोहल्ला स्थित एमएस प्लॉट संख्या 106, जिसका कुल रकबा 1.09 एकड़ है, पूरी तरह से सरकारी भूमि है। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सबसे पहले स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वर्षों पुरानी जर्जर बाउंड्री वॉल को ढहाकर जमीन को खाली कराया।
इसके बाद, अंचल और निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में जमीन की पूरी मापी कराई गई और इसका आधिकारिक सीमांकन (Demarcated) किया गया। सीमांकन के दौरान जमीन के कुछ हिस्सों पर पक्के और कच्चे निर्माण के जरिए अतिक्रमण पाया गया। इस पर उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि अतिक्रमण के दायरे में आने वाली सभी अवैध संरचनाओं को हटाने के लिए नियमानुसार तत्काल नोटिस जारी किया जाए।नगर निगम के अधिकारियों ने साफ किया है कि इस 1.09 एकड़ कीमती सरकारी जमीन को पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए निगम द्वारा जल्द ही एक मजबूत बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही, भविष्य में इस क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस जमीन का उपयोग पार्क, सामुदायिक भवन या अन्य सार्वजनिक कल्याणकारी परियोजनाओं के लिए किया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर में कहीं भी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




