Indore: इंदौर के व्यस्त राजबाड़ा इलाके में रविवार दोपहर खड़ी पीएम ई-बस अचानक चल पड़ी और चार लोगों को चपेट में ले लिया। बस पहले सड़क किनारे खड़े ऑटो रिक्शा से टकराई और फिर आसपास मौजूद लोगों को अपनी चपेट में लेते हुए पूजा सामग्री की दुकानों की ओर बढ़ गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हैं।
पहले ऑटो से टकराई, फिर लोगों को चपेट में लिया
पुलिस के मुताबिक, हादसा एमजी रोड थाना क्षेत्र में दोपहर करीब 12:35 से 12:45 बजे के बीच हुआ। राजबाड़ा बस स्टैंड पर खड़ी पीएम ई-बस क्रमांक MP 09 BS 8926 अचानक आगे बढ़ गई। देखते ही देखते बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हादसे में गणेश उर्फ पिंटू पुत्र केशव, निवासी अशोक नगर, छोटा बांगड़दा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घायलों में जितेंद्र पुत्र बाबूलाल शर्मा सहित तीन लोग शामिल हैं। उनका इलाज चल रहा है।
ACP ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के वक्त सराफा एसीपी यश बिजौरिया भी राजबाड़ा में मौजूद थे। टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों के साथ उन्होंने घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद चालक धनराज गांगले बस से उतरकर भागने लगा। एसीपी बिजौरिया ने उसका पीछा किया और उसे पकड़कर एमजी रोड पुलिस के हवाले कर दिया।
चालक पर केस, बस जब्त
एमजी रोड थाना प्रभारी विजय सिंह सिसोदिया के अनुसार, राधेश्याम सीताराम भाटी, निवासी चाणक्यपुरी कॉलोनी, देवास की शिकायत पर चालक धनराज गांगले के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को भी जब्त कर लिया है।
हादसे के बाद बस में तोड़फोड़
घटना के बाद राजबाड़ा पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने बस में सवार यात्रियों को बाहर निकाला और इसके बाद बस पर ईंट-पत्थर बरसाकर उसके शीशे तोड़ दिए। सूचना मिलने पर एमजी रोड पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
ब्रेक खराब थे या कोई और वजह?
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती तौर पर बस के ब्रेक में खराबी की जानकारी सामने आई है। हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बस की तकनीकी स्थिति की भी जांच की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि घायलों का प्राथमिकता से इलाज कराया जा रहा है। जांच में चालक या किसी अन्य की लापरवाही सामने आती है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




