सहरसा। सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड की सोनपुरा पंचायत में रविवार को ग्राम सभा के दौरान जलजमाव की समस्या को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्ड संख्या 8 और 9 के ग्रामीणों ने ग्राम सभा का बहिष्कार कर पंचायत भवन के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया और मुखिया रामविलास तांती को करीब चार घंटे तक अंदर रोककर विरोध किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क और नाला निर्माण नहीं होने के कारण वार्ड में लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है और इलाके में गंदगी की स्थिति बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलने पर बलवाहाट थाना पुलिस पंचायत भवन पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे।
इसके बाद बीडीओ मोहन कुमार सिंह और सर्किल इंस्पेक्टर निवास कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब चार घंटे बाद मुखिया को पंचायत भवन से बाहर निकाला गया।
ग्रामीणों ने जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान और सड़क व नाला निर्माण कराने की मांग की है।




