अररिया। फारबिसगंज में भाजपा नगर अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद मिंटू की अध्यक्षता में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न बूथों और शक्ति केंद्रों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 136वीं कड़ी सुनी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नशा मुक्ति और स्वच्छता अभियान को लेकर संकल्प लिया।
बूथ संख्या 178 और 179 पर कार्यकर्ताओं ने रेडियो के माध्यम से प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार लोगों को राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में सर्जिकल स्ट्राइक, डिजिटल जनगणना, भारतीय संस्कृति, प्राचीन मंदिरों, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, खेल, ओडीओपी और पोषण जैसे कई विषयों पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री ने संस्कृति और समाज के लिए जीवन समर्पित करने वाले अशोक सिंघल की 100वीं जयंती का भी उल्लेख किया। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक के 10 वर्ष पूरे होने की बात कही और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने का संदेश दिया।
पीएम मोदी ने जनगणना को राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए लोगों से इसमें अपना समय देने की अपील की। उन्होंने 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया और युवाओं से नशा मुक्ति अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा नेता प्रवीण कुमार, नगर अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद मिंटू, नगर उपाध्यक्ष राधा देवी, पूर्व नगर अध्यक्ष रजत सिंह, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल, नगर मंत्री विपिन जायसवाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।




