फॉण्ट कनवर्टर NEW

पश्चिम बंगाल-झारखंड सीमा पर हथियार तस्करी का खुलासा, दो गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट ने पश्चिम बंगाल-झारखंड सीमा पर कथित अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें मिहिजाम का वांटेड शूटर सुमित गुप्ता भी

अपनी भाषा में पढ़ें

आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट ने पश्चिम बंगाल-झारखंड सीमा पर कथित अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें मिहिजाम का वांटेड शूटर सुमित गुप्ता भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, सुमित की झारखंड और पश्चिम बंगाल पुलिस को कई मामलों में तलाश थी।

नाकेबंदी के दौरान दोनों पकड़े गए

पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की टीम ने सालानपुर थाना क्षेत्र के रूपनारायणपुर पुलिस फांड़ी के मालबहाल इलाके में नाकेबंदी की थी।

इसी दौरान बाइक से आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस ने उनके पास से दो 7 एमएम सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, एक देसी कट्टा और 7 एमएम की मैगजीन बरामद करने का दावा किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रूपनारायणपुर के जोड़बाड़ी निवासी सुमित गुप्ता और न्यू मार्केट क्षेत्र निवासी आर्यन बाल्मीकि के रूप में हुई है।

कई मामलों में वांटेड था सुमित

पुलिस के मुताबिक, सुमित गुप्ता के खिलाफ जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में कई मामले दर्ज हैं। वह जनवरी 2025 में कानगोई रेल फाटक के पास हुए लेफ्टी सिंह हत्याकांड और मार्च 2025 में विनय यादव पर हमले के मामले में भी वांछित रहा है।

पुलिस का दावा है कि जेल से बाहर आने के बाद भी सुमित कथित तौर पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा। मिहिजाम में पुलिस की कार्रवाई बढ़ने के बाद उसने रूपनारायणपुर निवासी आर्यन बाल्मीकि से संपर्क किया।

हथियारों के नेटवर्क की जांच जारी

गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस हथियारों की कथित सप्लाई चेन, आरोपियों के संपर्क और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram