फॉण्ट कनवर्टर NEW

खादगढ़ा बस टर्मिनल में नगर निगम ने शुरू की टोल वसूली, बसों से ₹150 और ऑटो से ₹20 शुल्क

खादगढ़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल में 25 सितंबर 2026 से रांची नगर निगम ने विभागीय स्तर पर टोल टैक्स की वसूली शुरू कर दी है। टोल संग्रह को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए निगम ने 15 दिनों का रोस्टर तैयार किया है।

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: खादगढ़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल में 25 सितंबर 2026 से रांची नगर निगम ने विभागीय स्तर पर टोल टैक्स की वसूली शुरू कर दी है। टोल संग्रह को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए निगम ने 15 दिनों का रोस्टर तैयार किया है।

इसके तहत राजस्व निरीक्षक, सैनिटरी सुपरवाइजर और परिसंपत्ति अधीक्षक की संयुक्त टीम दो पालियों में सुबह 4 बजे से रात 10 बजे तक टोल टैक्स वसूल रही है। निगम के अनुसार, अब तक बस टर्मिनल परिसर से करीब 1.50 लाख रुपये टोल टैक्स के रूप में जमा किए जा चुके हैं।

बस और ऑटो के लिए तय है शुल्क

नगर निगम ने बस टर्मिनल में बसों के लिए 150 रुपये और ऑटो के लिए 20 रुपये टोल टैक्स निर्धारित किया है। यह शुल्क 24 घंटे के लिए लागू रहेगा।

निगम ने यात्रियों और वाहन चालकों से निर्धारित दर के अनुसार ही टोल टैक्स देने की अपील की है। यदि कोई कर्मचारी या अन्य व्यक्ति अतिरिक्त या अवैध राशि की मांग करता है, तो इसकी सूचना नगर निगम को देने को कहा गया है।

अवैध वसूली और अतिक्रमण पर नजर

बस टर्मिनल में अतिक्रमण और अवैध वसूली रोकने के लिए नगर निगम ने इनफोर्समेंट टीम भी तैनात की है। टीम अनधिकृत कब्जे, अव्यवस्थित गतिविधियों और अवैध वसूली पर नजर रखेगी और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई करेगी।

व्यवस्था सुधारने पर निगम का जोर

नगर निगम का कहना है कि बस टर्मिनल में व्यवस्थित संचालन, पारदर्शी राजस्व संग्रह, यात्रियों की सुविधा और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। निगम ने लोगों से बस टर्मिनल की व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और किसी भी अनियमितता की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram