अररिया: भरगामा थाना क्षेत्र के पश्चिमी टोला वार्ड नंबर 8 में शुक्रवार रात तेज धमाके से एक मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मकान मालिक मो. अख्तर और उनकी पत्नी समेत कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी जितेंद्र कुमार, फारबिसगंज एसडीपीओ पंकज कुमार, अंचल निरीक्षक और थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। जांच के दौरान मौके से पटाखे की लड़ी मिली है।
एसपी ने कमरे में अवैध तरीके से पटाखे बनाए जाने की आशंका जताई है। घटना के बाद मकान के सभी सदस्य और आसपास के कई लोग वहां से चले गए हैं। इस वजह से घायलों और नुकसान के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
FSL और बम निरोधक दस्ता करेगा जांच
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल और बम निरोधक दस्ते को सूचना दी है। टीम मौके से नमूने लेकर धमाके के कारणों की जांच करेगी। पुलिस ने कहा है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार देर शाम मुस्लिम बस्ती में अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके बाद लोग मौके पर पहुंचे तो मो. अख्तर के मकान का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त मिला। ग्रामीणों ने इलाके में शादी-विवाह के मौसम में अवैध रूप से पटाखे और बारूद से जुड़े सामान बनाने की बात भी कही है। हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
Read more : जमशेदपुर बैंक डकैती: पांचों अपराधियों पर दो-दो लाख का इनाम घोषित




