फॉण्ट कनवर्टर NEW

बहरागोड़ा में बंद घर को बनाया निशाना, लाखों के गहने-नकदी चोरी

Jamshedpur: बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के राजलाबांध में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और 95 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह पड़ोसियों के माध्यम से गृहस्वामी शुभेंदु कुईला

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur: बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के राजलाबांध में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और 95 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह पड़ोसियों के माध्यम से गृहस्वामी शुभेंदु कुईला को मिली। सूचना मिलने के बाद वह जमशेदपुर से राजलाबांध स्थित अपने घर पहुंचे। घर का मुख्य दरवाजा खुला और ताला टूटा हुआ था, जबकि अंदर कमरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गयी है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के घरों और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों के आने-जाने और उनकी पहचान से संबंधित सुराग मिल सके।

शुभेंदु कुईला ने पुलिस को बताया कि उनकी मां रेवती कुईला 18 सितंबर को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गयी थीं। उनका आदित्यपुर स्थित एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। मां के इलाज के लिए शुभेंदु अपनी पत्नी के साथ जमशेदपुर में रह रहे थे। इसी वजह से राजलाबांध स्थित उनका मकान कई दिनों से बंद था। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने घर का ताला टूटे होने की जानकारी दी, जिसके बाद वह तत्काल जमशेदपुर से अपने गांव पहुंचे।

घर के अंदर जांच करने पर अलमारी भी टूटी मिली। चोर अलमारी में रखे करीब 95 हजार रुपये नकद के अलावा सोने की एक जोड़ी चूड़ी, पांच अंगूठियां, चार जोड़ी कान की बालियां और एक हार लेकर फरार हो गये। चोरी गये सोने के आभूषणों की कीमत लाखों रुपये बतायी जा रही है। पुलिस ने गृहस्वामी से चोरी गये सामान का विवरण लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार राजलाबांध इलाके में पहले भी दो घरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। उन मामलों का अब तक खुलासा नहीं होने से लोगों में चिंता है। नये थाना प्रभारी रवि होनहागा के योगदान के बाद हुई इस चोरी की घटना का खुलासा करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram