फॉण्ट कनवर्टर NEW

खादगढ़ा बस टर्मिनल की व्यवस्था संभालेगा नगर निगम, दो शिफ्ट में होगी टोल वसूली

खादगढ़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल की व्यवस्था को लेकर बुधवार को रांची नगर निगम की बैठक हुई। अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में टोल शुल्क वसूली, बस संचालन, सफाई, सुरक्षा और यात्रियों की सुविधाओं की समीक्षा की गई।

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : खादगढ़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल की व्यवस्था को लेकर बुधवार को रांची नगर निगम की बैठक हुई। अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में टोल शुल्क वसूली, बस संचालन, सफाई, सुरक्षा और यात्रियों की सुविधाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि बस टर्मिनल की बंदोबस्ती प्रक्रिया अभी चल रही है। बंदोबस्ती पूरी होने तक टोल शुल्क की वसूली नगर निगम खुद करेगा। इसके लिए निगम की टीम दो शिफ्ट में तैनात रहेगी। पहली शिफ्ट सुबह 4 बजे से दोपहर 1 बजे और दूसरी शिफ्ट दोपहर 1 बजे से रात 10 बजे तक होगी।

राजस्व निरीक्षक, लेखा सहायक, सैनिटरी इंस्पेक्टर और परिसंपत्ति अधीक्षक टोल शुल्क वसूलेंगे। इनफोर्समेंट टीम और होमगार्ड की जिम्मेदारी टर्मिनल के एंट्री-एग्जिट, बस संचालन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी की होगी।

7 दिन में हटानी होंगी लावारिस बसें

टर्मिनल परिसर में लंबे समय से खड़ी लावारिस और खराब बसों को सात दिनों के भीतर हटाने का निर्देश दिया गया है। समय पर बसें नहीं हटाने पर नगर निगम एमवीआई के माध्यम से उनका मूल्यांकन कराकर नियमानुसार नीलामी की कार्रवाई करेगा।

CCTV और लाइट व्यवस्था होगी दुरुस्त

बैठक के बाद अपर नगर आयुक्त ने बस टर्मिनल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने फायर सेफ्टी की व्यवस्था दुरुस्त करने और जरूरी उपकरण लगाने का निर्देश दिया। यात्रियों की सुविधा के लिए अटल क्लीनिक का साइनेज लगाने को भी कहा गया।

इसके अलावा बसों की वाशिंग के लिए जगह तय करने, खराब CCTV कैमरों को ठीक कराने और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को टर्मिनल की सफाई, सुरक्षा, राजस्व वसूली और यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी करने को कहा गया।

पूर्व संवेदक को टर्मिनल से जुड़े सभी दस्तावेज 24 सितंबर तक निगम को सौंपने का निर्देश दिया गया है। वहीं बस एसोसिएशन से भी बसों की सूची, समय-सारणी और एंट्री-एग्जिट की जानकारी 24 सितंबर तक देने को कहा गया है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram