गिरिडीह : नगर थाना क्षेत्र के चंदौरी रोड में रविवार को बाइक चोरी करने पहुंचे एक युवक को स्थानीय दुकानदारों ने पकड़ लिया। भागने की कोशिश कर रहे युवक को दुकानदारों ने करीब 100 मीटर तक पीछा कर पकड़ा। इसके बाद उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी कुछ दिन पहले इसी इलाके के दुकानदार सुनील पंडित की बाइक चोरी कर चुका था। बाइक चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इस मामले में 11 सितंबर को नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
रविवार को आरोपी दोबारा चंदौरी रोड पहुंचा था। वह बाइक चोरी करने के लिए इलाके में रेकी कर रहा था। इसी दौरान सुनील पंडित की नजर उस पर पड़ गई। दुकानदारों ने उसे पहचान लिया और शोर मचाते हुए उसका पीछा शुरू कर दिया।
भागने की कोशिश कर रहे युवक को दुकानदारों ने पकड़ लिया। उसके पास से बाइक की मास्टर चाबी और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। बाद में उसे नगर थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक चोरी की घटनाओं में उसके साथ और कौन लोग शामिल हैं और अब तक उसने कितनी बाइक चोरी की है।
दुकानदार सुनील पंडित ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान पहले ही हो गई थी। इसी वजह से रविवार को दोबारा इलाके में पहुंचने पर दुकानदारों ने उसे पहचान लिया और चोरी की घटना को अंजाम देने से पहले ही पकड़ लिया।
Read more ; एक हजार महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य, 15 समूहों को मिले उपकरण




