सारण : लोक नायक जय प्रकाश प्रौद्योगिकी संस्थान में राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनबीए), नई दिल्ली की विशेषज्ञ टीम का तीन दिवसीय मूल्यांकन दौरा रविवार को पूरा हो गया। यह दौरा 18 से 20 सितंबर तक चला। इस दौरान संस्थान के स्नातक मैकेनिकल इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम की शैक्षणिक गुणवत्ता, संसाधनों और पढ़ाई की व्यवस्था की जांच की गई।
डॉ. जीपी प्रभु कुमार के नेतृत्व में पहुंची विशेषज्ञ टीम ने पहले दिन प्राचार्य डॉ. बिमल कुमार की प्रस्तुति सुनी। इसके बाद टीम ने केंद्रीय पुस्तकालय, डिजिटल सुविधाओं और वित्तीय खर्च से जुड़ी जानकारी का जायजा लिया।
दूसरे दिन विशेषज्ञों ने कक्षाओं और प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया। टीम ने कोर्स फाइल, विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट और कोर्स आउटकम व प्रोग्राम आउटकम से जुड़ी उपलब्धियों की भी समीक्षा की। इसके अलावा छात्रों, पूर्व छात्रों, अभिभावकों और नियोक्ताओं से बातचीत कर संस्थान के बारे में फीडबैक लिया।
दौरे के अंतिम दिन एग्जिट मीटिंग आयोजित की गई। इसके बाद विशेषज्ञ टीम ने अपनी मूल्यांकन रिपोर्ट एनबीए मुख्यालय को भेज दी।
प्राचार्य डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि एनबीए की मान्यता मिलने से संस्थान की शैक्षणिक पहचान और मजबूत होगी। इससे विद्यार्थियों को बेहतर प्लेसमेंट और उच्च शिक्षा के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।




