नई दिल्ली : महाराष्ट्र के विखे पाटिल परिवार से जुड़ी नीला विखे पाटिल स्वीडन की संसद रिक्सडैग के लिए चुनी गई हैं। 13 सितंबर 2026 को हुए स्वीडन के राष्ट्रीय चुनाव में उन्होंने स्टॉकहोम सिटी सीट से ग्रीन पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज की। स्वीडिश चुनाव प्राधिकरण ने 19 सितंबर को चुनाव के अंतिम नतीजे घोषित किए।
नीला ने चुनाव के बाद कहा कि 349 सदस्यीय संसद का हिस्सा बनकर वह उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि वह स्टॉकहोम और स्वीडन के लिए काम करना चाहती हैं। बच्चों का कल्याण और पर्यावरण उनके प्रमुख मुद्दों में शामिल हैं।
महाराष्ट्र के विखे पाटिल परिवार से हैं नीला
नीला विखे पाटिल महाराष्ट्र के शिक्षाविद अशोक विखे पाटिल की बेटी हैं। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री बालासाहेब विखे पाटिल की पोती और महाराष्ट्र के मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल की भतीजी हैं। उनके परिवार का महाराष्ट्र के सहकारिता और शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से जुड़ाव रहा है।
नीला का जन्म स्वीडन में हुआ, लेकिन उनका बचपन महाराष्ट्र के अहमदनगर में बीता। भारत में रहने के दौरान भी उनका अपने परिवार और महाराष्ट्र से जुड़ाव बना रहा। उन्होंने कहा है कि वह भारत से काफी जुड़ी हुई हैं और उनके कई करीबी भारतीय मित्र हैं।
15 साल की उम्र में दादा से मिली राजनीतिक सीख
नीला ने अपने दादा बालासाहेब विखे पाटिल को याद करते हुए बताया कि 15 साल की उम्र में वह उन्हें राज्य का बजट पढ़ने के लिए देते थे। उनके अनुसार, परिवार के माहौल ने राजनीति और सार्वजनिक जीवन को समझने में उनकी मदद की।
स्वीडन के प्रधानमंत्री कार्यालय में भी किया काम
नीला लंबे समय से स्वीडन की राजनीति से जुड़ी रही हैं। वह ग्रीन पार्टी के अलग-अलग संगठनों में काम कर चुकी हैं और स्टॉकहोम ग्रीन पार्टी की चुनाव समिति की सदस्य भी रही हैं।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्टीफन लोफवेन के कार्यकाल में प्रधानमंत्री कार्यालय में राजनीतिक सलाहकार के तौर पर काम किया। इस दौरान उन्होंने वित्त, टैक्स और आवास से जुड़े मामलों पर काम किया। वह स्टॉकहोम नगर परिषद की सदस्य भी रह चुकी हैं।
अर्थशास्त्र, कानून और एमबीए की पढ़ाई
नीला ने गोथेनबर्ग स्कूल ऑफ बिजनेस से अर्थशास्त्र और कानून की पढ़ाई की। उन्होंने एमबीए भी किया है और मैड्रिड की कॉम्प्लूटेंस यूनिवर्सिटी में भी अध्ययन किया है।
राजनीति के अलावा उन्होंने पेशेवर क्षेत्र में भी काम किया है। वह PwC से जुड़ी रही हैं और 2025 में अधिकृत सार्वजनिक लेखाकार बनीं।
बच्चों और पर्यावरण पर रहेगा फोकस
संसद पहुंचने के बाद नीला ने बच्चों के कल्याण और पर्यावरण को अपनी प्राथमिकताओं में बताया है। उन्होंने कहा कि वह उन लोगों की आवाज बनना चाहती हैं जो खुद मतदान नहीं कर सकते। उन्होंने बच्चों के बेहतर भविष्य, स्वच्छ पानी और प्रकृति के संरक्षण पर भी जोर दिया है।
स्वीडन चुनाव में ग्रीन पार्टी को मिली 22 सीटें
स्वीडिश चुनाव प्राधिकरण के अनुसार 2026 के रिक्सडैग चुनाव में कुल 68,34,413 लोगों ने मतदान किया। मतदान प्रतिशत 84.9 रहा। 349 सदस्यीय संसद में सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी को 99, ग्रीन पार्टी को 22, सेंटर पार्टी को 25, मॉडरेट पार्टी को 70 और लेफ्ट पार्टी को 30 सीटें मिलीं।




