धनबाद : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार रविवार सुबह करीब 10:40 बजे धनबाद पहुंचे। बरवाअड्डा हवाईअड्डे पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। जिला प्रशासन की ओर से राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
हवाईअड्डे से राज्यपाल सड़क मार्ग से आईआईटी-आईएसएम के लिए रवाना हुए। वहां वे गोल्डन जुबली लेक्चर थिएटर और पेनमैन ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
राज्यपाल के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। बरवाअड्डा हवाईअड्डे से आईआईटी-आईएसएम तक के रास्ते में दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और सुरक्षाबलों की तैनाती की गई थी। प्रमुख चौक-चौराहों और आईआईटी-आईएसएम परिसर में भी विशेष निगरानी रखी गई।
कारकेड के सुचारु आवागमन के लिए ट्रैफिक पुलिस और मोबाइल पेट्रोलिंग टीमों को तैनात किया गया था। सुरक्षा के लिए एंटी-सबोटाज चेकिंग टीम भी सक्रिय रही।
राज्यपाल के स्वागत के दौरान डीडीसी सन्नी राज, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, एसडीएम लोकेश बारंगे समेत जिला प्रशासन और आईआईटी-आईएसएम के कई अधिकारी मौजूद रहे।
Read more : झारखंड के इनामी माओवादी दंपती बंगाल में गिरफ्तार, दोनों पर दर्ज हैं 11-11 मामले




