फॉण्ट कनवर्टर NEW

लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारियों पर गिरेगी गाज, अपराधियों पर 24 घंटे नज़र

क्राइम पर नकेल कसने की तैयारी, सिटी एसपी पारस राणा ने की कप्तानी मीटिंग

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi: राजधानी में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और बढ़ते अपराध पर पूरी तरह से लगाम कसने के लिए रांची पुलिस सख्त एक्शन मोड में है। इसी सिलसिले में सिटी एसपी पारस राणा ने शहर के सभी थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग आयोजित की। इस बैठक में शहर में क्राइम कंट्रोल, पुराने केसों के त्वरित डिस्पोजल और शातिर अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ा पहरा बैठाने को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक के दौरान सिटी एसपी पारस राणा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शहर की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को हिदायत दी कि अपने-अपने इलाकों में गश्ती बढ़ाएं और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी हर वक्त दर्ज कराएं। उन्होंने अधिकारियों को पेंडिंग मामलों को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द निपटाने का निर्देश दिया, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और पुलिस की कार्यप्रणाली पर जनता का भरोसा और मजबूत हो।
इसके साथ ही, आदतन अपराधियों और हाल ही में जेल से छूटे बदमाशों की सख्त निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। सिटी एसपी ने कहा कि शहर की शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। रात के समय चेकिंग अभियान को और तेज करने तथा शहर के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर सघन तलाशी अभियान चलाने का फैसला लिया गया है।
इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कोतवाली एएसपी निखिल राय, एएसपी साक्षी जमुआर समेत शहर के सभी डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और अपराध के मौजूदा ट्रेंड से सिटी एसपी को अवगत कराया, जिस पर समाधान के लिए कई ठोस कदम उठाने की रणनीति बनाई गई। इस बैठक के बाद साफ है कि रांची पुलिस आने वाले दिनों में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए और अधिक आक्रामक रुख अपनाने जा रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram