रांची। कांके अंचल कार्यालय के हल्का-7 में शुक्रवार को निर्धारित समय में कर्मचारी के कार्यालय में नजर नहीं आने से विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना था कि वे अपने कार्यों को लेकर कई दिनों से अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं।
ग्रामीणों की शिकायत पर कांके-19 के पूर्व जिला परिषद सदस्य मोजीबूल रहमान अंचल कार्यालय पहुंचे और लोगों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि आम लोगों को अपने जरूरी कार्यों के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने संबंधित कर्मचारी से संपर्क नहीं होने की बात कहते हुए मामले की शिकायत रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से करने की बात कही।
इधर, संबंधित कर्मचारी ने ग्रामीणों की शिकायत पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वे नियमित रूप से कार्यालय पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि जाति, आवासीय और आय प्रमाण पत्र से संबंधित काम का दबाव काफी बढ़ गया है। कार्यालय में बैठकर काम करने के बजाय कई बार दूसरे स्थान पर जाकर काम निपटाना पड़ता है। कर्मचारी के अनुसार, काम का दबाव इतना अधिक है कि उन्हें कई बार रात करीब आठ बजे तक कार्य करना पड़ता है। इसके अलावा जियो टैगिंग के लिए फील्ड में भी जाना पड़ता है।
कर्मचारी ने कहा कि कार्यालय में मौजूद नहीं दिखने का मतलब यह नहीं है कि वे ड्यूटी से अनुपस्थित हैं। कई बार विभागीय और फील्ड कार्यों के कारण उन्हें कार्यालय से बाहर रहना पड़ता है। मामले में ग्रामीणों की शिकायत और कर्मचारी के पक्ष के बाद अब वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




