उधमपुर: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षा बलों ने आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आतंकियों को मार गिराया। यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन सोहन’ के तहत ब्रत्तल इलाके में 16 और 17 सितंबर की दरम्यानी रात की गई।
खुफिया जानकारी मिलने के बाद भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कॉर्प्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। खराब मौसम, पहाड़ी इलाका और कम दृश्यता के बावजूद सुरक्षा बलों ने अभियान जारी रखा।
तलाशी के दौरान आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की। इसके बाद हुई मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए। मुठभेड़ स्थल से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है।
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
सेना के मुताबिक, मारे गए आतंकियों की पहचान और उनके संगठन से जुड़े विवरण की जांच की जा रही है। इलाके में किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सर्च और निगरानी अभियान अभी जारी है।




