नई दिल्ली: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के तहत भारतीय सुदूर संवेदन संस्थान (IIRS), देहरादून ने ‘एआई/एमएल फॉर हाइड्रो-इन्फॉर्मेटिक्स’ नाम से नया ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। इस कोर्स में जल संसाधन के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) के इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी जाएगी।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्रों, शोधकर्ताओं और जल संसाधन से जुड़े पेशेवरों के लिए उपयोगी होगा। इसमें जल संसाधन प्रबंधन और तकनीकी अनुप्रयोगों में AI और ML की भूमिका समझाई जाएगी।
ऑनलाइन होंगे लाइव और इंटरएक्टिव सत्र
कोर्स पूरी तरह ऑनलाइन होगा। प्रतिभागी IIRS के आधिकारिक यूट्यूब चैनल के जरिए लाइव और इंटरएक्टिव सत्रों में शामिल हो सकेंगे। लाइव क्लास में शामिल नहीं हो पाने वाले प्रतिभागियों के लिए रिकॉर्डेड वीडियो इसरो के लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (LMS) पर उपलब्ध रहेंगे।
पंजीकरण के बाद उम्मीदवारों को इसरो LMS पर लॉगिन के लिए यूजरनेम और पासवर्ड मिलेगा। यहां से वे दैनिक समय-सारणी, अध्ययन सामग्री, क्विज और अन्य जरूरी निर्देश देख सकेंगे।
क्विज और गतिविधियों में भागीदारी जरूरी
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की गतिविधियों को LMS के जरिए ट्रैक किया जाएगा। इसमें वीडियो देखने का समय, दैनिक क्विज में भागीदारी और फीडबैक जमा करना शामिल है।
निर्धारित न्यूनतम समय और जरूरी प्रक्रिया पूरी करने वाले प्रतिभागियों को ‘कोर्स पार्टिसिपेशन’ प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। इसे ई-क्लास LMS से डाउनलोड किया जा सकेगा।
4 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन
उम्मीदवार 4 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम 5 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
व्यक्तिगत रूप से पंजीकरण करने वाले आवेदकों का रजिस्ट्रेशन स्वतः स्वीकृत माना जाएगा। आवेदन इसरो के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है।




