फॉण्ट कनवर्टर NEW

डुमरी कस्तूरबा विद्यालय में दर्जनों छात्राएं बीमार, टेंपो से पहुंचीं अस्पताल

डुमरी के कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में फैला वायरल फीवर, एंबुलेंस न मिलने पर टेंपो से अस्पताल पहुंचीं बीमार छात्राएं

अपनी भाषा में पढ़ें

Dumri (Gumla): गुमला जिले के डुमरी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में वायरल फीवर का प्रकोप तेजी से फैल गया है, जिससे दर्जनों छात्राएं एक साथ बीमार पड़ गई हैं। छात्राओं में सर्दी, खांसी और तेज बुखार के लक्षण मिलने के बाद मंगलवार को उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी लाया गया। हालांकि, अस्पताल पास में होने के बावजूद एंबुलेंस सुविधा न मिलने के कारण छात्राओं को टेंपो से सीएचसी पहुंचाना पड़ा, जिससे स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

सीएचसी डुमरी के चिकित्सक डॉ. अलबेल केरकेट्टा ने छात्राओं की स्वास्थ्य जांच के बाद बताया कि प्राथमिक तौर पर यह वायरल फीवर का मामला है। मौसम में बदलाव और बारिश के कारण संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने छात्राओं को पर्याप्त आराम, स्वच्छ पेयजल और नियमित दवा लेने की सलाह दी है।विद्यालय की शिक्षिका दिव्या सोना टोप्पो के अनुसार, आवासीय परिसर में छात्राओं के एक साथ रहने के कारण संक्रमण एक-दूसरे में तेजी से फैला। लक्षण दिखते ही सभी प्रभावित छात्राओं को सीएचसी में डॉक्टरों की देखरेख में लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

एक साथ दर्जनों बच्चियों के बीमार होने से अभिभावकों में चिंता का माहौल है। अभिभावकों ने विद्यालय प्रशासन से परिसर में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और बीमार छात्राओं की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही, आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram