Bokaro : बोकारो के चास के बेंदीताड़ इलाके में मंगलवार को दिनदहाड़े एक महिला से चेन छीनने की घटना हुई। बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन और पेंडेंट झपट लिया। छीनी गई चेन और पेंडेंट की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना जोधाडीह मोड़ से करीब 200 मीटर दूर हुई, जिसके बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, कैलाश बिहार की रहने वाली विभा मालाकार मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे सब्जी खरीदने निकली थीं।सब्जी लेकर लौटते समय जब वह बेदीताड़ स्थित अपनी गली में पहुंचीं, तो वहां पहले से दो युवक बाइक लेकर मौजूद थे। महिला के गली में घुसते ही बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक से रास्ता काटने की कोशिश की, जिससे महिला दीवार के किनारे जा पहुंचीं।
इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने मौका पाकर विभा मालाकार के गले पर झपट्टा मारा। बदमाश ने करीब 12 ग्राम वजन की सोने की चेन और उसमें लगा पेंडेंट छीन लिया। अचानक हुई इस घटना से महिला कुछ देर के लिए डर गईं। उन्होंने तुरंत चास थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देख रही है और बदमाशों के भागने वाले रास्ते और उनकी बाइक की पहचान करने की कोशिश कर रही है।महिला के अनुसार, 12 ग्राम सोने की चेन की अनुमानित कीमत डेढ़ से दो लाख रुपये और पेंडेंट की कीमत करीब 15 से 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस मामले की जांच करते हुए बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी है।




