Lifestyle Adda: अगर आप भी अपनी पुरानी अलमारियों को फिर से पहले की तरह चमकाना चाहती हैं, तो इसके लिए महंगे पेंट और क्लीनिंग प्रोडक्ट्स की जरूरत नहीं है। आप कुछ आसान घरेलू उपायों से ही इन्हें नए जैसा बना सकती हैं, जिसके लिए जरूरी सामान आपकी रसोई में ही आसानी से मिल जाता है। आज भी कई घरों में लोहे की पुरानी अलमारियां देखने को मिलती हैं। ये अलमारियां अपनी मजबूती के लिए जानी जाती हैं, लेकिन समय बीतने के साथ इन पर जंग, धूल और जिद्दी दाग लगना एक आम समस्या है। अक्सर इनकी चमक खो जाने से ये पुरानी और बेजान दिखने लगती हैं, लेकिन कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद से बिना ज्यादा मेहनत और खर्च के इन्हें फिर से चमकदार बनाया जा सकता है।
नमी बनती है जंग का कारण
विशेषज्ञों का कहना है कि नमी की वजह से लोहे पर जंग और दाग लग जाते हैं, लेकिन रसोई में मौजूद चीजें ही इसका बेहतरीन समाधान हैं। अगर आपकी अलमारी पर पुराने और गहरे दाग जम गए हैं, तो बेकिंग सोडा एक बेहद प्रभावी विकल्प साबित होता है। इसके लिए दो-तीन चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें और दाग वाली जगह पर लगा दें। 15-20 मिनट बाद हल्के हाथों से मुलायम स्पंज या कपड़े से रगड़ें, फिर साफ गीले कपड़े से पोंछकर अच्छी तरह सुखा लें।
सफेद सिरका और नींबू-नमक का नुस्खा
जिद्दी निशानों और हल्की जंग के लिए सफेद सिरका काफी असरदार है। एक साफ कपड़े को सिरके में भिगोकर दाग पर अच्छी तरह रगड़ें, जरूरत पड़ने पर कुछ देर लगा रहने दें और फिर सूखे कपड़े से साफ कर लें। ध्यान रहे कि अलमारी को पूरी तरह सुखाना बेहद जरूरी है। वहीं यदि दाग के साथ हल्का जंग भी दिखाई दे, तो नींबू और नमक का मिश्रण असरदार साबित होता है। दाग वाले हिस्से पर पहले थोड़ा नमक छिड़कें, फिर ऊपर से नींबू का रस डालें। इसे 20-30 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें और फिर मुलायम ब्रश या स्पंज से धीरे-धीरे साफ करें। इसके बाद अलमारी को साफ कपड़े से पोंछकर पूरी तरह सुखा लें।
सफाई के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
इन उपायों को अपनाते समय कुछ सावधानियां बरतनी जरूरी हैं। अलमारी साफ करते वक्त किसी भी खुरदुरे स्क्रबर का इस्तेमाल बिल्कुल न करें, क्योंकि इससे अलमारी का पेंट खराब हो सकता है। सबसे अहम बात यह है कि हर बार सफाई के बाद अलमारी को अच्छी तरह सुखाया जाए ताकि नमी की वजह से दोबारा जंग न लगे। इसके साथ ही, नियमित रूप से सूखे कपड़े से धूल साफ करते रहने से भी दाग और जंग लगने की संभावना काफी कम हो जाती है।




