धनबाद: कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को लेकर सोमवार को धनबाद पुलिस वासेपुर के कमर मकदुम्मी स्थित उसके घर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में कुछ स्थानीय लोगों ने बंटी खान के साथ मारपीट शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत बीच-बचाव किया और उसे सुरक्षित बैंक मोड़ थाना ले गई।
बंटी खान को हाल ही में धनबाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल पुलिस की मदद से कोलकाता से गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, वह फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश भागने की तैयारी में था।
बैंक मोड़ से वासेपुर तक कराई गई परेड
जेल भेजने से पहले पुलिस ने बंटी खान को कड़ी सुरक्षा के बीच बैंक मोड़ से वासेपुर तक ले जाकर परेड कराई। इसके बाद पुलिस टीम उसे उसके घर जांच के लिए लेकर पहुंची थी।
घर पहुंचने पर कुछ लोगों ने बंटी खान के साथ मारपीट कर दी। पुलिस अब घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
अपराधियों में खौफ का संदेश देने की कोशिश
धनबाद पुलिस इससे पहले भी प्रिंस खान गिरोह से जुड़े आरोपियों की शहर में परेड करा चुकी है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों में कानून का डर पैदा करना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना है।




