रांची: कोकर स्थित डिस्टलरी पार्क में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पार्क के तालाब में नहाने के दौरान एक व्यक्ति गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि व्यक्ति तालाब में नहा रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की और किसी तरह पानी से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान कराने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि वह तालाब में कब और किसके साथ नहाने आया था। मामले की जांच जारी है।




