रांची: राजधानी रांची के सैनिक मार्केट में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आजाद फार्मेसी में अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दुकान संचालक और दमकल विभाग को दी।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास की अन्य दुकानों तक आग फैलने से बच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं, आग की चपेट में आने से फार्मेसी की दवाइयां और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल दुकान संचालक नुकसान का आकलन कर रहे हैं। पुलिस भी मामले की जांच में जुटी है।




