धनबाद: कतरास के केशलपुर कुम्हारपट्टी में रविवार सुबह अचानक मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि कुछ ग्रामीण खदान क्षेत्र में कोयला चुनने पहुंचे थे। इसी दौरान ऊपर से मिट्टी का बड़ा हिस्सा अचानक गिर गया और कई लोग इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मलबा हटाकर लोगों की तलाश शुरू की। बचाव के दौरान तीन लोगों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद 5 से 6 लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोग उनकी तलाश में जुटे हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मामले की जानकारी जुटा रही है।
रामकनाली ओपी प्रभारी अलीशा अग्रवाल ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण कोयला चुनने गए थे और इसी दौरान मिट्टी धंस गई।
स्थानीय यूनियन नेता के अनुसार, इस इलाके में पहले खनन गतिविधियां होती थीं और बाद में जगह को भर दिया गया था। ग्रामीण रोजी-रोटी के लिए यहां कोयला चुनने पहुंचे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




