फॉण्ट कनवर्टर NEW

सरायकेला में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा वार, 164 गिरफ्तार

Saraikela: जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी के नेतृत्व में चलाये गये इस अभियान के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त 164 आरोपियों को गिरफ्तार

अपनी भाषा में पढ़ें

Saraikela: जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी के नेतृत्व में चलाये गये इस अभियान के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त 164 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। अभियान के दौरान अवैध हथियार रखने और मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा।

पुलिस की कार्रवाई में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान के दौरान 15 हथियार और 812 जिंदा कारतूस बरामद किये गये। वहीं, पुराने और लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाये गये अभियान के तहत 457 गैर-जमानती वारंट और नौ स्थायी वारंट का निष्पादन किया गया। इससे लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे आरोपियों पर कार्रवाई का रास्ता साफ हुआ है।

मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में भी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। एनडीपीएस से जुड़े मामलों में 7.5 लाख रुपये नकद बरामद किये गये। इसके अलावा 3.018 किलोग्राम अफीम और 26.45 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गयी। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों और उनके नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

अपराध नियंत्रण अभियान के साथ पुलिस ने गुमशुदगी और चोरी की घटनाओं के मामलों में भी उल्लेखनीय कार्रवाई की। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी और गुम हुए 75 मोबाइल फोन बरामद किये गये। वहीं, विभिन्न मामलों में लापता 62 लोगों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई करने के साथ आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और लोगों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram