फॉण्ट कनवर्टर NEW

पाकुड़ ज्वेलर्स लूटकांड का 10 दिन में खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार

अमड़ापाड़ा बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के पास किशुन वर्मा ज्वेलर्स दुकान में हुई लूट का पुलिस ने 10 दिन के अंदर खुलासा कर दिया। 2 सितंबर 2026 को तीन अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने दुकान में लूटपाट की थी।

अपनी भाषा में पढ़ें

पाकुड़: अमड़ापाड़ा बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के पास किशुन वर्मा ज्वेलर्स दुकान में हुई लूट का पुलिस ने 10 दिन के अंदर खुलासा कर दिया। 2 सितंबर 2026 को तीन अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने दुकान में लूटपाट की थी। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है और उनकी निशानदेही पर लूटे गए चांदी के आभूषण, नकदी समेत कई सामान बरामद किए हैं।

ज्वेलर्स दुकान के मालिक आकाश वर्मा के फर्दबयान पर अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 68/2026 दर्ज किया गया था। मामले में धारा 309(4) बीएनएस और 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने महेशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल/SIT का गठन किया। इसमें कुल छह टीमें काम कर रही थीं।

10 दिन में पुलिस ने किया लूटकांड का खुलासा

विशेष छापेमारी दल ने आसूचना संकलन के साथ लगातार छापेमारी की। मानवीय, वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों तथा अनुसंधान के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार, तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर करीब एक किलोग्राम चांदी के आभूषण, जेवर रखने वाले ट्रे, थैले, डिब्बे, आभूषण नापने की मशीन, जेवर गलाने वाले पत्थर के टुकड़े और 12,700 रुपये नकद बरामद किए गए।

दो कट्टा, पिस्टल और कारतूस बरामद

पुलिस ने लूट में इस्तेमाल हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। बरामद सामान में दो देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, 7.65 KF के पांच जिंदा कारतूस, 315 mm के दो जिंदा कारतूस और एक खाली पिस्टल मैगजीन शामिल है।

इसके अलावा काले रंग की एक Passion Pro मोटरसाइकिल, एक Pulsar N-160, GIVA कंपनी का कीपैड मोबाइल, OPPO का स्मार्टफोन और MI कंपनी का गोल्डेन रंग का स्मार्टफोन भी जब्त किया गया है।

तीन आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ प्रवीण कुमार यादव (27), पिता सुरेश मांझी, निवासी चितरपोका, थाना मोहनपुर, जिला देवघर शामिल है। दूसरा आरोपी हर्ष आनंद उर्फ हर्ष यादव (करीब 19 वर्ष), पिता सुभाष प्रसाद यादव, निवासी तिवारीचक, थाना बंधुआकुरावा, जिला बांका, बिहार है।

तीसरा आरोपी कमल कुमार किशोर उर्फ कमल यादव (करीब 22 वर्ष), पिता मिहिलाल यादव, निवासी दलिया बौंसी, थाना बौंसी, जिला बांका, बिहार का रहने वाला है।

प्रवीण कुमार का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ प्रवीण कुमार यादव का आपराधिक इतिहास रहा है। वह देवघर, गोड्डा, जामताड़ा और बोकारो जिले में हुई कई आपराधिक घटनाओं में वांछित रहा है।

पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ देवघर जिले के सारवां, सोनारायठाढ़ी, चितरा, मोहनपुर और पालाजोरी थाना में मामले दर्ज हैं। इसके अलावा बोकारो के पेटरवार और माराफारी, जामताड़ा नगर तथा गोड्डा नगर थाना में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, इनमें लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं। वर्ष 2023 में बोकारो के पेटरवार थाना क्षेत्र में शराब दुकान में लूट और मोहनपुर थाना क्षेत्र में दर्ज मामले के अलावा वर्ष 2025 में बोकारो, देवघर और जामताड़ा में हुई घटनाओं तथा वर्ष 2026 में गोड्डा में ज्वेलरी शॉप में लूट के मामले में भी उसका नाम सामने आया है।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी कर रही है।

छापेमारी दल/SIT में महेशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार, अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनुप रौशन भँगरा समेत विभिन्न थाना, तकनीकी शाखा, साइबर सेल और मीडिया सेल के पुलिस पदाधिकारी व कर्मी शामिल रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram